
*छेड़छाड़ की दहशत से छात्राओं की पढ़ाई पर लगा ब्रेक, सुरक्षा पर उठे सवाल*
**जहांगीराबाद में 11 और 14 वर्षीय छात्राओं को परेशान करने का आरोप, एसपी से शिकायत कर मांगी कार्रवाई; हल्का दरोगा ने मामले की जानकारी से किया इनकार**
**बाराबंकी।** छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। जहांगीराबाद क्षेत्र में कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों से परेशान दो नाबालिग छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि रास्ते में आते-जाते छात्राओं को लगातार परेशान किया जाता था। हालात ऐसे बने कि दोनों छात्राओं को स्कूल छोड़ना पड़ा। परेशान परिवार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, 15 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे एक महिला दोनों छात्राओं के साथ ककरिहा मार्ग स्थित घासीराम तालाब के पास किराये का मकान देखकर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में मौजूद दो युवकों पर छात्राओं की ओर अश्लील इशारे करने और मोबाइल पर आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर परेशान करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में 11 और 14 वर्ष की दोनों छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पहले भी इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
परिवार का कहना है कि लगातार हो रही कथित हरकतों से छात्राएं मानसिक रूप से परेशान थीं और इसका असर उनकी पढ़ाई पर पड़ा। सामाजिक बदनामी के डर से परिवार पहले चुप रहा, लेकिन परेशानी बढ़ने पर पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। शिकायतकर्ता ने मामले की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
**शिकायत के बावजूद स्थानीय स्तर पर जानकारी का अभाव?**
मामले में जब हल्का दरोगा से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। ऐसे में सवाल है कि नाबालिग छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर आरोप की जांच कब शुरू होगी और पीड़ित परिवार को कब राहत मिलेगी। फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की विस्तृत कार्रवाई का इंतजार है।
*फिलहाल इंडिया एक्शन न्यूज से देखिए जिला विशेष संवाददाता दुर्वेश कुमार की रिपोर्ट*

